भास्कर न्यूज | जांजगीर राष्ट्रीय मछुआरा संघ ने मछली पालन विभाग कुलीपोटा, जांजगीर के एक अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष गायत्री गायग्वाल के नेतृत्व में मछुआरा समाज ने 3 फरवरी को अपने हक, रोजी-रोटी और अधिकारों को लेकर विभाग कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया था। संघ का कहना है कि नवीन मछुआ नीति 2022 में मछुआरा समाज को तालाब पट्टा देने की प्राथमिकता तय है, फिर भी कथित रूप से पैसे लेकर गैर-जातीय मछुआरों को जिलेभर में तालाब पट्टे दिए गए। इस मामले में सहायक संचालक को पहले लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। धरना के दौरान महिलाओं के लिए शौचालय की व्यवस्था नहीं थी। वे पीछे खाली स्थान की ओर गईं, जहां आरोप है कि अधिकारी ने मछुआरा समाज के लोगों से अभद्र भाषा में बात की और डराया-धमकाया। घटना के बाद आक्रोशित समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हुए और कलेक्टर व एएसपी जांजगीर को ज्ञापन सौंपा।


