अब जिले के स्कूली बच्चे जॉब के लिए पहले से ही तैयार होंगे। सीबीएसई (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) ने सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों में कौशल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल की है। बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे अपने विद्यार्थियों को स्किल मॉड्यूल्स से जोड़ें और हॉबी क्लब के माध्यम से उन्हें व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध कराएं। सीबीएसई की ओर से तैयार स्किल मॉड्यूल्स से बच्चों को रोजगारपरक बनाने में मदद मिलेगी। इसकी शिक्षा स्कूलों में ही बच्चों को दी जाएगी। स्कूल के हॉबी क्लब में छठी से 12वीं कक्षा तक के बच्चों के लिए विभिन्न स्किल मॉड्यूल्स इंट्रोड्यूस किए जाएंगे। इसमें बच्चे ट्रैवल एंड टूरिज्म, फोटोग्राफी, कोडिंग, हैंडिक्राफ्ट समेत 34 स्किल मॉड्यूल में से किसी को भी चुन सकते हैं। स्कूलों में कौशल आधारित शिक्षा के सफल क्रियान्वयन के लिए बोर्ड देश भर के सभी राज्यों के जिले में जिला कौशल समन्वयक की नियुक्ति करने की तैयारी में है। यह समन्वयक कौशल आधारित शिक्षा के लिए स्कूलों का मार्गदर्शन करेंगे। शुरू करने से पहले स्कूलों से मांगे गए थे सुझाव इसको लागू करने से पहले बोर्ड ने सभी स्कूलों से प्रतिक्रिया, सुझाव और सफलता की कहानियां भी मांगी थी। इस पहल के तहत सीबीएसई ने छठी कक्षा से 12वीं के स्टूडेंट्स के लिए कौशल मॉड्यूल पेश किए हैं। स्टूडेंट्स एक शैक्षणिक सत्र में एक से अधिक मॉड्यूल चुन सकते है। यह मॉड्यूल कक्षाओं के माध्यम से या हॉबी क्लब के माध्यम से ऑनलाइन पेश किए जाते हैं। इसमें एक ही विषय या अलग-अलग विषय शामिल हो सकते हैं। किसी भी कौशल मॉड्यूल को चुनने वाले स्टूडेंट्स अपने पहले मॉड्यूल से शुरू करेंगे और फिर अगले उपलब्ध मॉड्यूल पर जाएंगे। इसके लिए पोर्टल भी डेवलप किया गया है। सीबीएसई की ओर से कक्षा 9-10 के लिए कई कौशल विषय और 11वीं-12वीं में कई तरह के कौशल विषय का ऑप्शन दिया जाएगा। इन विषयों की सूची वेबसाइट पर डाली हुई है। अब अपने पसंदीदा विषय की पढ़ाई कर सकेंगे बच्चे स्कूल में बच्चे अपने पसंद के स्किल विषयों से जुड़कर शिक्षा प्राप्त करेंगे। ताकि भविष्य में वह स्वयं का रोजगार कर सकें, या इंडस्ट्री की डिमांड के हिसाब से खुद को बेहतर तरीके से तैयार कर सकें। बोर्ड ने कहा है कि जिन स्कूलों में अब तक स्किल मॉड्यूल नहीं इंट्रोड्यूस किया गया है। वह सीबीएसई की साइट पर जाकर मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। सत्र 2025-26 में इन मॉड्यूल्स को लागू कर पढ़ाई शुरू कर सकते हैं। कंपोजिट स्किल, रोबोटिक व एआई के बारे में जानेंगे बच्चे कंपोजिट स्किल लैब सीबीएसई स्कूलों के भीतर स्थापित की जाने वाली एक प्रयोगशाला है। यहां बच्चों को हाथों-हाथ सीखने के अनुभव प्रदान करने को लेकर इसको डिजाइन किया जाएगा। जो उनके समग्र विकास को बढ़ावा देगा। यहां बच्चे रोबोटिक्स, कोडिंग, एआई, आईओटी श्री-डी प्रिंटिंग जैसे स्टेम विषय आदि के बारे में सीखेंगे।


