भास्कर न्यूज | रायगढ़ बुधवार सुबह रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा रेंज में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम ने औपचारिक कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार बरौद के बंधन राठिया (57) मंगलवार सुबह जंगल गया था। अनुमान है कि इसी दौरान जंगली हाथी से उसका सामना हुआ। हाथी ने ग्रामीण को पटका और रौंद दिया। इधर देर रात तक घर नहीं लौटने पर घर वालों ने गांव के लोगों के साथ तलाश शुरू की। सुबह बंधन को ढूंढ रहे लोगों को जंगल में शव पड़ा मिला। वन विभाग के अनुसार धरमजयगढ़ वन मंडल में फिलहाल 91 हाथी हैं। रायगढ़ वन मंडल में संख्या 26 बताई गई है। बरौद के जंगलों में विचरण कर रहे हाथी की जानकारी विभाग को नहीं थी। हादसे के बाद वन विभाग के साथ ग्रामीणों को पता चला कि यहां हाथी है।


