समझौता नहीं, मापदंडों पर करें निर्माण: सीएम साय

भास्कर न्यूज | कोंडागांव मुख्यमंत्री विष्णदेव साय ने केशकाल नगर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर चल रहे सड़क नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया। सड़क निर्माण की गुणवत्ता, प्रगति एवं वर्तमान स्थिति का अवलोकन करते हुए, उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 बस्तर संभाग को राजधानी रायपुर और अन्य राज्यों से जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है, इसलिए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए। मुख्यमंत्री साय ने कलेक्टर को निर्देशित किया कि केशकाल नगर सहित केशकाल बायपास के निर्माण कार्य को तय समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा कार्यों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को जगदलपुर में आयोजित होने वाले संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्यपाल रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री साय शुक्रवार को सड़क मार्ग से रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बस्तर सांसद महेश कश्यप, स्थानीय विधायक लता उसेंडी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के बाद राज्यपाल रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कोंडागांव पहुंचे। यहां उन्होंने बिहान योजना के तहत स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित मोर सुआद दीदी की रसोई का अवलोकन किया। समूह की महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्थानीय पारंपरिक व्यंजन फरा एवं अंगाकर रोटी का स्वाद चखा। मुख्यमंत्री ने समूह की महिलाओं से उनकी आय, कार्यप्रणाली एवं गतिविधियों की जानकारी ली और कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना को निर्देश दिए कि स्व सहायता समूह की महिलाओं को आजीविका सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रोत्साहन और आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूती प्रदान करती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *