भास्कर न्यूज। धौलपुर धौलपुर-गंगापुर वाया जयपुर ब्रॉडगेज रेल प्रोजेक्ट के काम में तेजी आई है। मार्च में रेल संरक्षक आयुक्त द्वारा निरीक्षण किए जाने के बाद 19 किलोमीटर के ट्रेक को रेल संचालन के लिए ओके कर दिया जाएगा। कमिश्नर ऑफ रेल सेफ्टी इंस्पेक्शन की तैयारियां को देखते हुए काम में तेजी आई है। रेलवे स्टेशन घड़ी सांदरा और नरपुरा रेलवे स्टेशन तक ट्रेक के सभी तकनीकी और सुरक्षा मापदंड मसलन, ट्रैक की मजबूती, मोड़ और ढलान, स्लीपर-रेल फिटिंग, सिग्नलिंग सिस्टम, लेवल क्रॉसिंग की सुरक्षा, ब्रिज और कल्वर्ट की स्थिति को बारीकी से परखा जाएगा। बता दें कि सीआरएस का यह निरीक्षण बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसी के आधार पर ट्रैक पर आवागमन शुरू करने की औपचारिक अनुमति दी जाती है। धौलपुर से घड़ी सांदरा तक करीब 19 किलोमीटर लंबा ब्रॉडगेज ट्रैक तैयार हो चुका है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस रूट पर ट्रैक बिछाने के साथ-साथ सिग्नल और टेलीकॉम से जुड़े कार्य भी अंतिम चरण में हैं। जानिए, रेल प्रोजेक्ट को… धौलपुर-सरमथुरा-गंगाप ुर सिटी रेल प्रोजेक्ट में करीब 145.20 किमी रेल लाइन बिछाई जाएगी। प्रथम चरण में सरमथुरा तक करीब 72 किमी तक कार्य चल रहा है, जो दिसंबर 2026 तक पूरा होगा। वहीं द्वितीय चरण में गंगापुर वाया जयपुर के लिए डीपीआर का कार्य चल रहा है। गंगापुर सिटी तक करीब 20 रेलवे स्टेशन प्रस्तावित हैं। इसमें 34 बड़े और 161 छोटे पुल, कई अंडर और ओवरब्रिज बनेंगे। बाड़ी से आगे सरमथुरा की तरफ लाइन बिछाने का कार्य थोड़ा मुश्किल भरा होगा, क्योंकि यह चट्टानी इलाके और जंगल में ट्रैक निकाला जाएगा। गहलोत सरकार में 2012 में इस ब्रॉडगेज लाइन की स्वीकृति होने के बाद सरमथुरा में इसका शिलान्यास हुआ था। इसके बाद वर्ष 2022 तक नेरोगेज ट्रेन का संचालन रहा, तभी 2022 में नेरोगेज को बंद करा दिया गया और तभी से काम शुरू है। धौलपुर स्टेशन अधीक्षक रामवीर मीणा ने बताया कि नेरोगेज की लाइन को उखाड़कर उसी जगह ट्रेक को ब्रॉडगेज में सरमथुरा तक किया गया है। गंगापुर तक वर्तमान में सर्वे का काम चल रहा है। धौलपुर से सरमथुरा तक 7 स्टेशन व 3 हॉल्ट बनाए जाएंगे। इससे कैलादेवी यात्रियों के लिए सीधी ट्रेन की सुविधा मिलने लगेगी। ब्रॉडगेज रेल लाइन को गंगापुर तक बिछाया जाएगा। इसमें गंगापुर तक यात्रियों को सीधी ट्रेन मिलेगी। खासकर रेल सेवा से कैलादेवी यात्रियों को फायदा मिलेगा। वहीं जिले के व्यापारी वर्ग को भी बाडी, सरमथुरा के व्यापारियों की धौलपुर से कम समय में कनेक्टिविटी हो जाएगी। ^अभी 19 किमी तक ट्रेक धौलपुर से घडी सांदरा तक तैयार हो गया है, जिसकी सीआरएस की इंस्पेक्शन की मार्च में संभावना है। क्योंकि घडी सांदरा व नरपुरा रेलवे स्टेशन का काम भी मार्च में पूरा होना प्रस्तावित है, इसलिए ये इंस्पेक्शन मार्च में हो सकता है। इसके बाद दिसंबर 2026 में सरमथुरा तक 72 किमी का रेल ट्रेक का काम पूरा हो जाएगा। सरमथुरा से गंगापुर वाया जयपुर का काम भी प्रस्तावित है। रेलवे का निर्णय होगा कि धौलपुर से सरमथुरा तक ट्रेक पूरा होने के बाद ट्रेन का संचालन होगा या फिर पूरा जयपुर तक ट्रेक डलने के बाद होगा। -प्रशस्ति श्रीवास्तव, पीआरओ, आगरा मंडल


