मथुरा गेट थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में हुई करीब 20 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने दो दिन में ही खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल भीलवाड़ा जिले के शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी अभी फरार है। जांच में सामने आया कि 5 फरवरी की रात करीब 1 से 2 बजे के बीच आरोपी महेंद्र कुमार गुप्ता के सूने मकान में घुसे और ताले तोड़कर लॉकर व अलमारियां खंगाल डालीं। परिजन गंगा नहाने गए थे। घर से 4 किलो चांदी के सिक्के, सोने के आभूषण, 1.20 लाख रुपये नकद, 500 अमेरिकी डॉलर और 3 चीनी युआन चोरी कर ले गए। वारदात के बाद आरोपी ऑटो से लुधावई टोल प्लाजा पहुंचे, जहां शराब पीकर बस से दौसा जिले के बालाजी क्षेत्र पहुंचे। नशे की हालत में वाहन बुक करने की कोशिश के दौरान चोरी की गई चांदी के जेवरों से भरी पोटली गिर गई। शक होने पर चालक ने पुलिस को सूचना दी। दौसा पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को दबोच लिया, जबकि एक भाग निकले। आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय मनगचंद पुत्र संजू, 23 वर्षीय दुर्गा पुत्र बद्री और 23 वर्षीय सत्या पुत्र महावीर सभी की निवास भीलवाड़ा जिला के रूप में हुई है। इनमें से एक आरोपी भागने में सफल रहा। पूछताछ में आरोपियों ने जवाहर नगर में चोरी की वारदात कबूल की। फिलहाल दौसा पुलिस अन्य मामलों में उनसे पूछताछ कर रही है, जिसके बाद मथुरा गेट थाना पुलिस उन्हें भरतपुर लाकर विस्तृत जांच और बरामदगी की कार्रवाई करेगी। सहायक पुलिस अधीक्षक आईपीएस पंकज यादव ने बताया कि दौसा पुलिस आरोपियों को पकड़ा है। भरतपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच कर पूछताछ की। जिसमें आरोपियों ने चोरी की वारदात करने की कबूल की। भास्कर इनसाइट – कबाड़ी और भिक्षु बनकर की रैकी, फिर चोरी को घुसे आरोपी पुलिस जांच में सामने आया है कि चारों आरोपी भीलवाड़ा जिले के रहने वाले हैं। ये आरोपी दिन के समय कबाड़ी या भिक्षुक बनकर शहर की गलियों में घूमते हुए घरों की रैकी करते हैं। इसी दौरान वे अंदाजा लगाते हैं कि किस घर में लाखों रुपये का सामान हो सकता है। किसी घर को निशाना बनाने से पहले आरोपी बाहरी दीवार पर लगी बेल को चार-पांच बार बजाते हैं। जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती और मेन गेट पर ताला लगा रहता है, तो वे मान लेते हैं कि घर खाली है। इसके बाद रात के समय चोरी की योजना बनाते हैं। रात में आरोपी ताला तोड़ने के बजाय मेन गेट की कूंडी काटकर घर में घुसते हैं और लॉकर व अलमारियों से कीमती जेवरात और नकदी चोरी कर लेते हैं। इसी दिन हुई दो अन्य वारदातों का नहीं हुआ खुलासा जिस दिन जवाहर नगर में सीए महेंद्र गुप्ता के मकान में चोरी हुई उसी दिन शहर में दो अन्य चोरी की वारदात भी हुईं लेकिन उनका खुलासा अभी नहीं हो सका है। इसी दिन सारस चौराहा स्थित आगरा निवासी युवक की ब्लैक स्कॉर्पियो और रेडक्रॉस सर्किल स्थित एक खोखे से भी लोगों ने करीब 2 लाख रुपए का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित दुकानदार मोहित अग्रवाल ने इस संबंध में थाना कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज कराई जिसके लिए पुलिस द्वारा जांच अधिकारी घोषित कर तलाश शुरू की गई लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है।


