कथारा | सीसीएल जारंगडीह कोलियरी के रेलवे साइडिंग में शनिवार की सुबह राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ ने मजदूरों के साथ पीट मीटिंग की, जिसमें सर्वसम्मति से श्रमिक संगठनों द्वारा कोल इंडिया में होने वाले 12 फरवरी की हड़ताल को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। यहां मुख्य रूप से मौजूद सीसीएल रीजनल सचिव वरुण कुमार सिंह ने कहा कि 12 फरवरी की हड़ताल मजदूरों के लिए निर्णायक साबित होगी। कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने चार लेबर कोड कानून लागू कर मजदूर विरोधी कार्य किया है। इन श्रम संहिताओं के लागू होने से मजदूरों की नौकरी की सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी और उन्हें अपने अधिकारों से वंचित होना पड़ेगा। सरकार की नीति आउटसोर्सिंग कंपनियों के द्वारा उत्पादन करना और धीरे-धीरे कोल इंडिया को प्राइवेट की ओर ले जाना है।


