भास्कर न्यूज| सिमडेगा नगर निकाय चुनाव–2026 को लेकर सिमडेगा नगर परिषद क्षेत्र में चुनावी माहौल अब गर्म हो गया है। शनिवार को निर्वाची अधिकारियों ने नगर परिषद अध्यक्ष पद सहित 20 वार्डों के प्रत्याशियों को उनके-अपने चुनाव चिह्न सौंपे। निर्वाचन कार्यालय से लेकर चौक-चौराहों और मोहल्लों तक सिर्फ चुनाव और प्रत्याशियों की ही चर्चा शुरू हो चुकी है। इस बार नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कुल आठ प्रत्याशी मैदान में उतर चुके हैं, जिससे मुकाबला कांटे का बन गया है। चुनाव चिह्न मिलने के बाद प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। किसी को चुनाव चिह्न मनपसंद मिला तो किसी को कम पसंद आया। लेकिन जो भी मिला समर्थकों के साथ सीधे जनता के बीच पहुंच गए। चुनाव चिह्न आवंटित होते ही घर-घर दस्तक देकर वोट मांगने की शुरुआत की गई। कई प्रत्याशी ने व्हाट्सएप स्टेट्स में चिह्न को लगाया और फेसबुक पर भी पोस्ट कर दिया। चुनाव चिह्न आवंटन के दिन निर्वाचन कार्यालय परिसर में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल रहा। प्रत्याशी उनके प्रस्तावक और समर्थक तय समय से पहले पहुंच गए थे। जैसे ही चुनाव चिन्ह की घोषणा हुई,प्रत्याशियों की जनसंपर्क अभियान तेज हो गई। हालांकि प्रशासन की सख्ती के कारण पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी ही नहीं,बल्कि 20 वार्डों के पार्षद प्रत्याशी भी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय हो गए हैं। कहीं नुक्कड़ बैठकें हो रही हैं तो कहीं छोटी-छोटी चौपालों के जरिए मतदाताओं से संवाद किया नगर की जर्जर सड़कें, पेयजल संकट,नाली-जाम,सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण और रोजगार जैसे मुद्दे हर बातचीत के केंद्र में हैं। मतदाताओं का कहना है कि इस बार वे सिर्फ वादों पर नहीं,बल्कि ठोस योजनाओं और जनसमस्याओं की समझ रखने वाले उम्मीदवार को मौका देना चाहते हैं। वे इस पर काफी गंभीर हैं। इसके अलावा पूर्व के कामों की भी चर्चा हो रही है। अध्यक्ष पद के लिए अनिल कुमार तिर्की को एयर कंडीशनर, एडवीन जॉन बिलुंग को छड़ी, ओलीभर लकड़ा को चूड़ियां, पुष्पा कुल्लु को बैटरी टॉर्च, फुलसुंदरी देवी को बेंच, मंजू लकड़ा को बिस्कुट, रामविलास बड़ाईक को बक्सा तथा सेराफिनुस कुल्लू को ईंट चुनाव चिह्न आवंटित किए गए हैं। अध्यक्ष पद के लिए किसको क्या चिह्न मिला


