सिमडेगा | विधानसभा के पालकोट पानीसानी डैम के तट पर कांग्रेस द्वारा आयोजित वन भोज सह मिलन समारोह आयोजित हुआ। विधायक भूषण बाड़ा और जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा ने कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार किया। मुख्य अतिथि विधायक भूषण बाड़ा ने भाजपा की नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा केवल सत्ता पाने और अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए धर्म का सहारा लेती है। विधायक ने कहा कि मनरेगा जैसी योजनाओं के नाम में बदलाव करना आस्था का सम्मान नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश है।उन्होंने कहा, हम शोर नहीं, काम करते हैं। रामरेखा धाम को राजकीय महोत्सव का दर्जा देना और शंख छठ घाट तक सड़क बनवाना हमारी प्राथमिकता रही है। हम भगवान के नाम का व्यापार नहीं, भक्तों की सेवा करते हैं। भाजपा और झापा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अपनी पार्टी छोड़ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। विधायक ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। नए सदस्यों में शांति तिर्की, बिरसा सिंह, सुदामा सिंह सहित सैकड़ों लोग शामिल हैं। विशिष्ट अतिथि जोसिमा खाखा ने विरोधियों को ललकारते हुए कहा कि जनता अब गुमराह होने वाली नहीं है। कार्यक्रम में 14 पंचायतों के अध्यक्षों सहित लगभग दस हजार ग्रामीण उपस्थित थे।


