अब 10 के बजाय हर 7 दिन में होगी पानी की कटौती, पहला शटडाउन 10 को लेंगे

शहर में 25 मार्च से प्रस्तावित 60 दिन की नहरबंदी (क्लोजर) को देखते हुए पीएचईडी ने तैयारी शुरू कर दी है। कायलाना-तखतसागर में पानी स्टोर करने के लिए हर 10 दिन में होने वाली कटौती अब 7 दिन में की जाएगी। यानी अब महीने में हर सप्ताह यानी 4 बार पानी नहीं मिलेगा। पहला शटडाउन 10 फरवरी को लिया जाएगा। कायलाना-तखतसागर की क्षमता 353 एमसीएफटी है। अभी इनमें 257 एमसीएफटी पानी है। शेष 96 एमसीएफटी पानी भरने के लिए 25 मार्च तक 6 बार कटौती कर 90 एमसीएफटी पानी बचाया जाएगा। मार्च में होली के कारण तिथि में संशोधन संभव है। बता दें कि पीएचईडी की ओर से एक साल से शटडाउन लिया जा रहा है। पहले यह 15 दिन में होता था। गत 11 अक्टूबर को यह अंतिम बार हुआ। फिर 11 नवंबर से 10 दिन में लेने लगे। ऐसा 3 फरवरी तक चला। 2.10 लाख उपभोक्ता, रोजाना 13-14 एमसीएफटी पानी की जरूरत शहर में पीएचईडी के 2.10 लाख उपभोक्ताओं को प्रतिदिन औसतन 13 से 14 एमसीएफटी पानी सप्लाई किया जा रहा है। सर्दी का मौसम जाते-जाते ये जरूरत रोजाना 14-15 एमसीएफटी और गर्मियों में 15-16 एमसीएफटी तक पहुंच जाएगी। 10-11 को नहीं आएगा पानी: शहर और सटे इलाकों में 10 व 11 फरवरी को जलापूर्ति बाधित रहेगी। कायलाना, चौपासनी व सुरपुरा फिल्टर हाउस के इलाकों में 10 फरवरी की जलापूर्ति 11 फरवरी को होगी। ऐसे ही जिन इलाकों में 11 फरवरी को पानी आना था, वहां 12 फरवरी को सप्लाई होगी। झालामंड और तख्तसागर फिल्टर हाउस के इलाकों सरस्वती नगर, कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के विभिन्न सेक्टरों और पाल बाईपास व शिल्पग्राम के आसपास क्षेत्रों में 11 फरवरी की जलापूर्ति 12 फरवरी और 12 फरवरी की जलापूर्ति वाले इलाकों में 13 फरवरी को पानी दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *