डॉ. अम्बेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी राजस्थान, जयपुर की केंद्रीय कार्यसमिति ने डीडवाना-कुचामन जिले के लिए एक तदर्थ जिला कार्यकारिणी का गठन किया है। यह गठन संगठन के विधान के पैरा 10(ख)1 के तहत किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, हेमा राम रोहलन को जिला अध्यक्ष, दिनेश कुमार लाडना को सचिव, गजेंद्र कुमार कांसोटिया को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और मंगनी राम को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष हेमा राम रोहलन मूल रूप से डीडवाना के केराप गांव के निवासी हैं। वे पिछले लगभग 20-25 वर्षों से अम्बेडकर मिशन से जुड़े रहकर सक्रिय सामाजिक कार्य कर रहे हैं। उनके योगदान को देखते हुए, उन्हें गत दिसंबर में दिल्ली में आयोजित एक अखिल भारतीय समारोह में अम्बेडकर फेलोशिप से सम्मानित किया गया था। वहीं, सचिव नियुक्त दिनेश कुमार लाडना मूलतः मकराना क्षेत्र से संबंध रखते हैं और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। प्रदेश स्तर से हुई इन नियुक्तियों पर कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी है। उम्मीद जताई जा रही है कि नई कार्यकारिणी जिले में संगठन को मजबूत करते हुए सामाजिक जागरूकता और जनहित कार्यों को गति प्रदान करेगी।


