चाकसू में पेड़ों की कटाई, पूर्व विधायक ने किया विरोध:फोरलेन के निर्माण के लिए काटे जाएंगे 460 पेड़; वेद प्रकाश सोलंकी ने सीएम से काम रुकवाने की मांग की

चाकसू उपखंड को जयपुर नेशनल हाईवे से जोड़ने वाली एप्रोच सड़क पर हरे पेड़ों की कटाई का काम चल रहा है। विकास परियोजना के तहत नीम, बबूल और सफेदा के पेड़ काटे जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इस पर कड़ा विरोध जताया है, जबकि प्रशासन का दावा है कि यह काम कलेक्टर की अनुमति के बाद ही शुरू किया गया है। पूर्व विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने जताई नाराजगी सूचना मिलते ही चाकसू के पूर्व विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने मौके पर पहुंचकर पेड़ों की कटाई पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ये पेड़ पिछले पांच दशकों से चाकसू क्षेत्र की पहचान रहे हैं। विकास के नाम पर इन्हें उजाड़ने से पर्यावरण को नुकसान होगा और क्षेत्र की सुंदरता भी प्रभावित होगी। सोलंकी ने मुख्यमंत्री और उच्च विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखकर काम रुकवाने की मांग की है। प्रशासन ने साढ़े 19 लाख में पेड़ काटने का ठेका दिया सार्वजनिक निर्माण विभाग की सहायक अभियंता अनुष्का मीणा और बिपाशा महोलिया ने बताया- कलेक्टर की अनुमति के बाद ही एक कंपनी को 19 लाख 62 हजार रुपए में 460 चिन्हित पेड़ों को काटने का ठेका दिया गया है। यह कटाई जयपुर नेशनल हाईवे से चाकसू को जोड़ने वाली लगभग 8 किलोमीटर लंबी सड़क पर हो रही है। फोरलेन बनाने के लिए काटे जा रहे हैं पेड़ यह सड़क 21 किलोमीटर लंबी होगी और 38 करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन के रूप में विकसित की जाएगी। जयपुर नेशनल हाईवे से फागी मोड़ तक सड़क के केंद्र से दोनों तरफ 11 मीटर के दायरे में आने वाले पेड़ों को हटाया जाएगा। इस परियोजना में फोरलेन निर्माण के साथ एक डिवाइडर भी बनाया जाएगा। मार्च तक काटे जाएंगे पेड़ सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजीव जैन ने बताया- हरे पेड़ों की कटाई की अनुमति मिलने में देरी हुई, जिसके कारण फोरलेन निर्माण की निर्धारित समय सीमा पहले ही निकल चुकी है। ठेकेदार को 4 मार्च तक पेड़ों की कटाई पूरी करने का समय दिया गया है। निर्माण कार्य जुलाई तक पूरा होने की उम्मीद है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *