दूसरे एफओबी का ढांचा तक नहीं बन पाया

भास्कर न्यूज | कोरबा रेलवे स्टेशन कोरबा में अनेकों निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। जिसमें एक अहम काम फुट ओवर ब्रिज का है। अभी स्टेशन पर केवल एक तरफ ही एफओबी है। नया एफओबी स्टेशन के उरगा छोर पर बन रहा है। जिसका निर्माण कार्य ढाई साल से भी अधिक समय से चल रहा है। स्थिति यह है कि अब तक इसका स्ट्रक्चर तक पूरा नहीं हो पाया है। एक से दूसरे प्लेटफार्म को जोड़ने के लिए बन रहा एफओबी का काम अभी भी प्लेटफार्म के लेवल तक नहीं पहुंच सका है। हालांकि प्लेटफार्म नंबर एक पर काम लेवल तक कर लिया गया लेकिन दूसरे प्लेटफार्म पर निर्माण स्थल पर की गई खुदाई के कारण टीन का घेरा बनाकर सुरक्षा की दृष्टि से छोड़ दिया गया है। इस स्थिति में हर किसी को परेशान होना पड़ता है। यह कार्य कब तक पूरा हो पाएगा यह अभी भी तय नहीं है। क्योंकि निर्माण स्थल पर न तो काम करने वाले लोग नजर आते हैं और नही काम कराने वाले। निर्माण सामग्री से होती है असुविधा: जिस स्थान पर एफओबी का काम चल रहा है वहां चारों ओर निर्माण सामग्री के साथ खुदाई में निकला मलबा पड़ा हुआ है। जिसके कारण न तो प्लेटफार्म की साफ सफाई हो पाती है और न ही यात्रियों को मिलने वाली सुविधाएं मिलती हैं। जिन यात्रियों के साथ बुजुर्ग, बच्चे व बीमार परिजन सफर कर रहे होते हैं उनके लिए निर्माणाधीन प्लेटफार्म का स्थल काफी असहज होता है। असुविधाओं के बीत यात्रियों को सफर करने की मजबूरी है। जिस ट्रेन का कोच इस दायरे में होता है वहां के लोगों को अधिक असुविधा होती है। कोच में जाने व कोच से उतरने के लिए जगह तलाशनी पड़ती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *