बुरहानपुर में रेणुका माता मंदिर के पास बना अटल बिहारी वाजपेयी स्विमिंग पूल एक बार फिर शुरू होने जा रहा है। यह पूल 2017 में बनकर तैयार हुआ था, लेकिन शुरुआत से ही इसमें पानी लीकेज की समस्या आ गई। पानी टिकता ही नहीं था, इसलिए कुछ ही समय बाद इसे बंद कर दिया गया। इस मामले में लापरवाही के आरोप भी लगे। करीब पांच महीने पहले तत्कालीन नगर निगम आयुक्त और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। इसके बाद यह मामला और चर्चा में आ गया। कमियों को दूर किया जा रहा है
अब नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने बताया है कि पूल को दोबारा चालू करने की तैयारी की जा रही है। तकनीकी टीम ने पूल की जांच कर ली है और जो कमियां थीं, उन्हें ठीक किया जा रहा है। एक हफ्ते के अंदर मरम्मत का अनुमानित खर्च तय होगा, फिर टेंडर जारी किया जाएगा। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बने इस पूल में लगभग डेढ़ लाख लीटर पानी भरने की क्षमता है। सबसे बड़ी समस्या यह थी कि जिस जगह पूल बना है, वहां पानी का स्थायी स्रोत नहीं है। इसी वजह से पूल में पानी नहीं रुक पा रहा था। नगर निगम का कहना है कि अब सभी तकनीकी दिक्कतें दूर कर ली गई हैं और जल्द ही इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा, ताकि इस गर्मी में शहरवासियों को राहत मिल सके।


