छतरपुर में शिक्षक और परिवार पर जानलेवा हमला:चचेरे भाइयों ने कुल्हाड़ी-डंडे से पीटा; पत्नी और बेटी गंभीर, छात्रा का हाथ टूटा

छतरपुर जिले के बजाना थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक शासकीय शिक्षक और उनके परिवार पर जानलेवा हमला किया गया। घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे की है। चचेरे भाइयों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से शिक्षक, उनकी पत्नी और बेटी को बेरहमी से पीटा। हमले में मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। तीनों को इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बजाना गांव निवासी 52 वर्षीय शासकीय शिक्षक राजकिशोर पांडेय अपनी 48 वर्षीय पत्नी रामकुमारी पांडेय और दो साल के नाती के साथ घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान उनके चाचा के लड़के मोनू उर्फ मौसम पांडेय और ओमकार पांडेय वहां से गुजरे और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर कुल्हाड़ी-डंडों से वार राजकिशोर पांडेय ने जब गाली-गलौज का विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कुछ देर बाद महेश उर्फ मुन्नू पांडेय और मोनू उर्फ मौसम पांडेय लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने राजकिशोर पांडेय और उनकी पत्नी पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई बेटी का हाथ तोड़ा शोर सुनकर उनकी 20 वर्षीय बेटी शुभि पांडेय बीच-बचाव करने पहुंची। शुभि महाराजा कॉलेज में बीएससी थर्ड ईयर की छात्रा है। आरोपियों ने उस पर भी डंडे से हमला किया, जिससे उसका हाथ टूट गया है। रामकुमारी पांडेय के शरीर में कई गंभीर चोटें आई हैं, जबकि राजकिशोर के सिर में चोट लगी है। जिला अस्पताल में चल रहा इलाज घायल मां-बेटी और शिक्षक को पहले बड़ा मलहरा उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल शिक्षक को जिला अस्पताल के मेल सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां तीनों का इलाज चल रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *