उज्जैन में MR-5 मार्ग चौड़ीकरण का विरोध:सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच 200 परिवारों पर बेघर होने का खतरा

उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच विकास और विस्थापन को लेकर टकराव सामने आया है। प्रशासन की MR-5 मार्ग को 24 मीटर चौड़ा करने की योजना के विरोध में दारू गोदाम, अमर नगर और प्रीति नगर क्षेत्र के सैकड़ों रहवासी सड़कों पर उतर आए हैं। यह प्रस्तावित मार्ग राणकेश्वर धाम से गाड़ी अड्डा होते हुए शिप्रा नदी के बड़े पुल तक तय किया गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन अपने घरों की कीमत पर विकास स्वीकार नहीं कर सकते। उनका स्पष्ट मत है कि वे ‘विकास के खिलाफ नहीं, विनाश के खिलाफ’ हैं। प्रभावित क्षेत्रों में बड़ी संख्या में घरों और दुकानों पर विरोध में पोस्टर लगाए गए हैं। रहवासियों का दावा है कि यदि 24 मीटर चौड़ीकरण लागू किया गया, तो 150 से 200 परिवार पूरी तरह बेघर हो जाएंगे। गलियों में नारों की गूंज और लोगों के चेहरों पर डर व असमंजस साफ देखा जा सकता है। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि 24 मीटर के स्थान पर 15 मीटर चौड़ीकरण किया जाए। उनका तर्क है कि इससे सड़क का विकास भी होगा और लोगों के आशियाने भी सुरक्षित रह सकेंगे। प्रभावित महिलाओं और बुजुर्गों में अपने घरों को खोने की चिंता स्पष्ट दिख रही है। एक महिला ने बताया कि उन्होंने जीवन भर की कमाई से ये घर बनाए हैं और इनके टूटने पर उनके पास कुछ नहीं बचेगा। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि मार्ग के अलग-अलग हिस्सों में कहीं 15 मीटर, कहीं 18 मीटर और कहीं 24 मीटर चौड़ाई तय की गई है। इस भिन्नता के कारण पूरे क्षेत्र में भ्रम और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *