शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अमला लगातार कार्रवाई कर रहा है। सालों से जारी इस कार्रवाई के बाद भी शहर के लगभग हर क्षेत्र में सड़क किनारे और फुटपाथ पर अतिक्रमण ही नजर आता है। इससे आजिज आ चुके नगर निगम की ओर से अब एक और प्रयोग शुरू किया है। अब अतिक्रमण की कार्रवाई के दौरान जो भी सामान निगम अमला जब्त करेगा उसे कम से कम दो हफ्ते तक छोड़ा नहीं जाएगा। दो हफ्ते बाद भी जब संबंधित अपना सामान छुड़ाने जाते हैं तो उनसे न सिर्फ जुर्माना वसूल किया जाता है, बल्कि शपथ पत्र भी लिया जा रहा है कि दोबारा उसी स्थान पर अतिक्रमण नहीं करेंगे। अगर ऐसा करते पाए गए तो उनकी गुमठी या ठेला समेत तमाम सामान्य राजसात कर लिया जाएगा। सामान्यत: निगम का अमला आज कार्रवाई करके गया तो अगले दिन फिर से उसी स्थान पर अतिक्रमण हो जाता था। इसकी वजह निगम अमले की ओर से जब्त किया गया सामान उसी दिन या अगले दिन स्टोर में समझौता शुल्क भरके गुमठी और ठेले आदि छोड़ना था। इसी को ध्यान में रखते हुए कम से कम 15 दिन तक जब्त सामान नहीं छोड़ने की व्यवस्था की गई है। इसके बाद 400 से 1200 रुपए समझौता शुल्क लेकर सामान छोड़ा जा रहा है। कार्रवाई की जा रही
करीब एक महीने पहले शुरू की गई इस कार्रवाई का जिक्र पिछले दिनों हुई नगर निगम परिषद बैठक में हुआ। इस दौरान बताया गया कि शपथ पत्र लेने के साथ ही कार्रवाई के बाद अतिक्रमण अमला उन क्षेत्रों में लगातार गश्त करता है। यही नहीं कार्रवाई प्रभावी ढंग से हो सके इसके लिए एक दिन की कार्रवाई के बजाय लगातार कार्रवाई की जा रही है। असर हो रहा है…
अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के दौरान जब्त सामान अब 15 दिन बाद छोड़ा जाता है। दुकानदारों से शपथ पत्र भी लेते हैं कि दोबारा उसी स्थान पर अतिक्रमण नहीं करेंगे। ऐसा करने पर सामान हमेशा के लिए जब्त कर लिया जाएगा। इसका असर हो रहा है ।
शैलेंद्र भदौरिया, अतिक्रमण अधिकारी, नगर निगम शाहपुरा और एमपी नगर में कार्रवाई ट्रैफिक में बाधा बन रहे ठेले हटाए, 4 ट्रक सामान जब्त राजधानी में नगर निगम सड़क किनारे और शहर के यातायात में बाधा बन रहे अतिक्रमण हटाने की लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में सोमवार को नगर निगम के अतिक्रमण अमले ने शाहपुरा और एमपी नगर जोन-1 में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यहां फुटपाथ पर कब्जा कर लगे ठेलों को हटाया गया। इस दौरान कुल 4 ट्रक सामान जब्त किया गया। एमपी नगर जोन-1 में कार्रवाई करते हुए नगर निगम के अतिक्रमण अमले ने 7 ठेले और एक काउंटर जब्त किए। ये सभी ठेले सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर लगाए गए थे। इस दौरान कुल 3 ट्रक सामान जब्त किया गया। इसके अलावा शाहपुरा से एक ट्रक सामान जब्त किया गया।


