छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में पीएम श्री स्कूल की टीचरों के फिल्मी गाने पर रील बनाने का वीडियो सामने आया है। टीचरों के दो वीडियो वायरल हो रहे हैं। पहला वीडियो गणतंत्र दिवस का है, जब एक टीचर शादी के बाद पति के साथ स्कूल पहुंची तो साथी टीचरों ने “दामाद जी अंगना में पधारें” गाने पर रील बना डाला। वहीं दूसरा वीडियो बसंत पंचमी का है, जिसमें पूजा के बाद टीचरों ने मिलकर फैशन परेड किया। प्रिंसिपल के विरोध के बाद टीचरों का वीडियो वायरल दरअसल, पीएम श्री स्कूल के महिला और पुरुष स्टाफ ने 5 फरवरी को स्कूल की प्रिंसिपल वंदना पांडेय के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया था। कुछ महीने पहले सस्पेंड की गई प्रिंसिपल वंदना पांडेय को दोबारा बहाल कर उसी स्कूल में प्रिंसिपल बनाए जाने के आदेश का स्टाफ ने विरोध किया। इसके बाद टीचरों के रील बनाने का वीडियो सामने आया है। अब जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दो वीडियो गरियाबंद जिले के एक पीएमश्री स्कूल के बताए जा रहे हैं। ये वीडियो तेजी से फैल रहे हैं और लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। पहला वीडियो गणतंत्र दिवस का है। इसमें स्कूल की कुछ शिक्षिकाएं एक कपल के साथ रील बनाती हुई नजर आ रही हैं। वीडियो में बैकग्राउंड में फिल्मी गाना चल रहा है- “दामाद जी अंगना में पधारें”। शिक्षिकाएं इस गाने पर रील बनाते हुए कपल की नजर उतारती भी दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि स्कूल की एक शिक्षिका ने हाल ही में लव मैरिज की थी और वह अपने पति को स्टाफ से मिलवाने स्कूल लेकर आई थीं। इसी दौरान स्कूल में यह पूरा आयोजन किया गया। दूसरा वीडियो वसंत पंचमी का है। इस दिन स्कूल में सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया था। पूजा के बाद कुछ शिक्षिकाओं ने मिलकर फैशन परेड जैसी गतिविधि की, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रिंसिपल के खिलाफ टीचरों ने मोर्चा खोला गरियाबंद जिला मुख्यालय में स्थित पीएम श्री स्कूल में 5 फरवरी को विरोध देखने को मिला। स्कूल के महिला और पुरुष स्टाफ ने वहां की प्रिंसिपल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कुछ महीने पहले निलंबित की गई प्रिंसिपल वंदना पांडेय को फिर से बहाल कर उसी स्कूल में प्रिंसिपल बनाकर भेजे जाने का शिक्षकों ने विरोध किया। पीएम श्री स्कूल में पोस्टेड 28 शिक्षक और 40 से ज्यादा छात्र इस आदेश के खिलाफ कलेक्ट्रेट पहुंचे और हंगामा किया। शिक्षकों ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को ज्ञापन सौंपते हुए इस आदेश को रद्द करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि अगर आदेश वापस नहीं लिया गया तो वे सामूहिक इस्तीफा भी दे सकते हैं। शिक्षकों का कहना है कि निलंबन के बाद उसी स्कूल में दोबारा प्रिंसिपल बनाना नियमों के खिलाफ है। शिक्षकों ने यह भी बताया कि प्रिंसिपल वंदना पांडेय के रवैये से वे पहले से ही परेशान हैं। इसी वजह से गुस्साए शिक्षकों ने आदेश रद्द नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी थी। डीईओ बोले- शिकायत आने पर करेंगे कार्रवाई इस मामले में जब गरियाबंद के जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर से बात करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने व्हाट्सएप पर बताया कि वे अभी अस्पताल में हैं। थोड़ी देर बाद उन्होंने एक और मैसेज भेजा। इसमें उन्होंने लिखा कि वीडियो बनने के बाद ही महिला प्रिंसिपल की नियुक्ति हुई है, इसलिए यह कहना सही नहीं है कि उनकी बात नहीं मानी जा रही। उन्होंने यह भी कहा कि प्रिंसिपल के रहते कोई वीडियो नहीं बनाता और जब प्रिंसिपल की ओर से शिकायत आएगी, तभी कार्रवाई की जाएगी।


