गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया:बृजनगर विधानसभा क्षेत्र में 42 लाख के विकास कार्य समर्पित

राजस्थान सरकार के गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने रविवार को डीग में बृजनगर विधानसभा क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जिससे क्षेत्र की प्रगति को नई गति मिली है। डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह की मौजूदगी में आयोजित इन कार्यक्रमों में गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने एसएच-14 से नौगांव तक एक किलोमीटर लंबे मार्ग का उद्घाटन किया, जिसकी स्वीकृत राशि 21 लाख रुपए थी। इसके अतिरिक्त, उन्होंने 21.70 लाख रुपए की लागत से बनी कसोदा संपर्क सड़क को भी जनता को समर्पित किया। कुल मिलाकर, 42.70 लाख रुपये के विकास कार्य पूरे किए गए।
मंत्री बेढ़म ने इस अवसर पर कहा कि वर्तमान सरकार अंत्योदय की भावना के साथ प्रदेश के हर कोने में बुनियादी ढांचा सुदृढ़ करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने जोर दिया कि सुदृढ़ सड़क तंत्र किसी भी क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक प्रगति की आधारशिला होता है। उन्होंने बताया कि इन नवीन सड़कों के निर्माण से न केवल क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, बल्कि ये मार्ग स्थानीय किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों के लिए विकास के नए द्वार भी खोलेंगे। मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि वर्तमान में विधानसभा क्षेत्र में 1000 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य युद्ध स्तर पर चल रहे हैं। इन कार्यों में उच्च स्तरीय सड़कों के साथ-साथ अस्पतालाें का सुदृढ़ीकरण, बिजली घरों की स्थापना, स्कूलों में नवीन भवनों का निर्माण और जल जीवन मिशन के अंतर्गत घर-घर पानी पहुंचाने जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये कार्य आगामी समय में क्षेत्र के परिदृश्य को पूरी तरह बदल देंगे।
समारोह में डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने गृह राज्य मंत्री के नेतृत्व और दूरदृष्टि की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में हो रहे ये चहुंमुखी विकास कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूर्ण किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन के सामूहिक प्रयासों से डीग और कुम्हेर क्षेत्र को विकास के मॉडल के रूप में स्थापित किया जा रहा है, जहां हर गांव और ढाणी तक मूलभूत सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है।
भगवान परशुराम की मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में हुए शामिल अपने प्रवास के दूसरे चरण में गृह राज्य मंत्री बृजनगर विधानसभा के गांव गहनकर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान परशुराम की मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में सम्मिलित होकर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम धर्म, न्याय और शौर्य के शाश्वत प्रतीक हैं। उनके आदर्श समाज को एकजुट रखने और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देते हैं। बेढ़म ने इस आयोजन को आध्यात्मिक शांति और सामाजिक समरसता का केंद्र बताया।
अपने गांव में ग्रामीणों से की बातचीत इससे पहले, बेढ़म ने अपनी जन्मभूमि गांव बेढ़म में जनसमुदाय के साथ एक आत्मीय बैठक कर गांव के समग्र विकास की रूपरेखा पर गहन विचार-विमर्श किया। स्थानीय ग्रामीणों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और रोजगार जैसे विषयों पर अपने सुझाव और समस्याएं साझा कीं। मंत्री ने प्रत्येक बिंदु पर संवेदनशीलता के साथ चर्चा करते हुए कहा कि सतत और समावेशी विकास तभी संभव है जब जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद हो। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गांव की प्रत्येक वास्तविक आवश्यकता को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाएगा, क्योंकि जन-भागीदारी ही सुशासन का असली आधार है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *