रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां सीधी से दो बच्चों के साथ आई एक महिला के नाबालिग बेटे ने ही मां के करीब 15 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को सीधी जिले के जमोड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात भी बरामद कर लिए हैं। ऑनलाइन गेमिंग की लत ने बनाया चोर प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को ऑनलाइन गेमिंग की लत थी। गेम के लिए पैसे जुटाने के मकसद से ही वह अपनी मां के गहने चुराकर फरार हो गया था। पूछताछ के दौरान नाबालिग पहले तो पुलिस को लगातार गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने चोरी की बात कबूल कर ली। सीधी के जमोड़ी से हुई गिरफ्तारी घटना की जानकारी मिलते ही चोरहटा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर नाबालिग आरोपी को सीधी जिले के जमोड़ी से गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने चोरी के जेवरात किसी को बेचने की कोशिश तो नहीं की थी।


