हनुमानगढ़ में राजस्थान अकाउंटेंट एसोसिएशन की जिला शाखा ने रविवार को स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया। जंक्शन के सिविल लाइंस स्थित सामुदायिक भवन में हुए इस कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में लेखाकर्मी शामिल हुए। इसका मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक एकता को मजबूत करना, नव नियुक्त व पदोन्नत लेखाकर्मियों को सम्मानित करना और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान को स्मरण करना था। समारोह के मुख्य अतिथि एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष लालचंद यादव थे। विशिष्ट अतिथियों में सीएओ कृष्ण शर्मा, नीतू चुघ, सीनियर एओ प्रमोद कुमार, राकेश कुमावत, अजीत नाथावत और अवनीश डेलू शामिल रहे। इस दौरान नवनियुक्त कनिष्ठ लेखाकारों, सहायक लेखाधिकारी से सहायक लेखाधिकारी प्रथम पद पर पदोन्नत हुए कर्मचारियों और सेवानिवृत्त लेखाकर्मियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि लालचंद यादव ने अपने संबोधन में लेखाकर्मियों की निष्ठा, ईमानदारी और मेहनत को विभागीय कार्यों के सुचारु संचालन के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने जानकारी दी कि संगठन लेखाकर्मियों की 25 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर प्रदेश स्तर पर राज्य सरकार से लगातार संवाद कर रहा है। यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन की एकजुटता और अनुशासित प्रयासों से इन मांगों का समाधान अवश्य होगा। यादव ने संगठन की एकता को उसकी सबसे बड़ी ताकत बताया और सदस्यों से हर परिस्थिति में एक-दूसरे का साथ देने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन केवल मांगों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक सदस्य की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं के समाधान के लिए भी सक्रिय रहता है। उन्होंने नए लेखाकर्मियों को संगठन से जोड़ने और उन्हें सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने को सभी की जिम्मेदारी बताया। विशिष्ट अतिथियों ने भी संगठन के कार्यों की सराहना की और लेखाकर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिलाध्यक्ष अनिल बिजारणिया, जिला मंत्री संदीप तरड़, कोषाध्यक्ष पंकज सुथार के साथ गुरविंद्र सुथार, कृष्ण भाट, विजय सहारण, निजामुद्दीन गौरी, देवेंद्र राठौड़, मोहन स्वामी, सुनील स्वामी, राकेश गोदारा, पूनम राठौड़, रोहित सैनी, रमनदीप कौर और रविना का विशेष सहयोग रहा।


