खरगोन के भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में रविवार को अनुसूचित जाति कल्याण विभाग मंत्री नागरसिंह चौहान ने केंद्रीय बजट 2026-27 की घोषणाओं पर प्रेसवार्ता की। मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश किए गए बजट को विकसित भारत के संकल्प को गति देने वाला बताया और कांग्रेस पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया। इस दौरान खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने बजट के 24 महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी। मंत्री चौहान ने कहा कि यह बजट देश में खुशी का माहौल लेकर आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की विकास योजनाओं में खामियां निकालकर बाधा पहुंचाना कांग्रेस की आदत बन गई है। यह बजट विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। युवाओं और महिलाओं पर विशेष ध्यान मंत्री ने कहा कि बजट में महानगरों और शहरों के विकास के साथ-साथ ग्रामीण विकास, ग्रामीण रोजगार, महिला सशक्तिकरण और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। यह बजट देश के 140 करोड़ लोगों के सपनों, आकांक्षाओं और भविष्य की मजबूत नींव रखने वाला है। सांसद बोले- मनरेगा की कमियां दूर करेगी नई योजना इस अवसर पर खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने बजट के 24 महत्वपूर्ण प्रावधानों और घोषणाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जवाहर रोजगार योजना की कमियों को दूर कर मनरेगा लाई गई थी। अब उसकी कमियों को दूर करने के लिए ‘जीबीजीरामजी’ (GBGRAMJI) नामक योजना लागू की गई है। विधायक और पदाधिकारी रहे मौजूद प्रेसवार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे, पूर्व कृषि राज्यमंत्री एवं खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार, महेश्वर विधायक राजकुमार मेव सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


