राजगढ़ जिले की छापीहेड़ा पुलिस ने खजुरी गोकुल स्थित हनुमान मंदिर से हुई चांदी के आभूषणों की चोरी का खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से चोरी किए गए आभूषण बरामद किए गए हैं। यह घटना 5 फरवरी 2026 को दोपहर 1 बजे से 4 बजे के बीच हुई थी। अज्ञात बदमाशों ने हनुमान मंदिर से भगवान हनुमान के चांदी के आभूषण चुरा लिए थे। फरियादी शिवम व्यास ने तत्काल छापीहेड़ा थाने में इसकी सूचना दी थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हुकुम सिंह मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। फरियादी की रिपोर्ट पर छापीहेड़ा थाने में अपराध दर्ज कर उसी रात एक विशेष टीम का गठन किया गया। सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की पहचान
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। लगातार प्रयासों के बाद चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे नशे की लत के कारण पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए मंदिरों में चोरी करते थे। उन्होंने चोरी का माल अपने घर में बाइक रखने की जगह के नीचे गड्ढा खोदकर छिपा रखा था। चांदी का मुकुट और चांदी की माला बरामद
पुलिस ने मौके से एक चांदी का छत्र, एक चांदी का मुकुट और एक चांदी की माला बरामद की। इन आभूषणों का कुल वजन लगभग 700 ग्राम है और इनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सिंह पिता रूगनाथ तंवर (35 वर्ष), निवासी मुंडला लोधा, थाना छापीहेड़ा, तथा पवन उर्फ भूरिया पिता दीपक दांगी (25 वर्ष), निवासी दांगी मोहल्ला, जीरापुर, थाना जीरापुर, जिला राजगढ़ के रूप में हुई। कार्रवाई में थाना प्रभारी हुकुम सिंह मीणा के नेतृत्व में उप निरीक्षक जगदीश गोयल, सहायक उप निरीक्षक युधिष्ठिर शर्मा, प्रधान आरक्षक नरेंद्र झाला, आरक्षक साहब सिंह दिनकर, इंद्रपाल सिंह लोधी, भारत यादव, सुदामा, दिलीप, राजेश परमार, सैनिक अरुण बना एवं साइबर सेल राजगढ़ के प्रधान आरक्षक कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


