गुना शहर के संजय स्टेडियम में पिछले सात दिनों से चल रहे हॉकी के महाकुंभ का रविवार को समापन हो गया। 38वीं अखिल भारतीय स्व लाल बहादुर शास्त्री स्मृति स्वर्ण कप हॉकी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ ने रेलवे बिलासपुर को कड़े संघर्ष में 1-0 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। आखिरी दो मिनिट में लखनऊ ने गोल कर मैच को अपने पक्ष में किया। प्रतियोगिता के समापन और पुरस्कार वितरण समारोह के अतिथियों के रूप में पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार रहे। वहीं अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविन्द गुप्ता ने की। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रिकॉर्डेड वीडियो के जरिए खिलाड़ियों और आयोजकों को शुभकामनाएं दी। शुरुआत से ही दोनों टीमों का प्रदर्शन रोमांचक रहा
खिताबी भिड़ंत स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ और साउथ ईस्टर्न सेंट्रल रेलवे बिलासपुर के बीच हुआ। शुरुआत से ही दोनों टीमों का प्रदर्शन रोमांचक रहा। खिताबी भिड़ंत इतनी रोमांचक थी कि हाफ टाइम और तीसरे क्वार्टर तक दोनों ही टीमें एक-दूसरे के खिलाफ कोई गोल नहीं कर पाईं। बिलासपुर को पांच और लखनऊ को छह पेनाल्टी कॉर्नर मिले। हालांकि, दोनों में से ही कोई भी टीम इन्हें गोल में परिवर्तित नहीं कर पाई। मैच के अंतिम दो मिनटों में लखनऊ के खिलाड़ी ने शानदार फील्ड गोल दागकर अपनी टीम को जीत दिला दी। नपाध्यक्ष बोलीं- हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन करते रहेंगे
नपाध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे परिवार के मुखिया और गुना के विकास की सोच रखने वाले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का खेलों के प्रति प्रेम और युवा पीढ़ी को खेलों में आगे लाने के उद्देश्य से एस्ट्रोटर्फ लगवाई गई। महाराज साहब (सिंधिया) के आशीर्वाद से एक और बहुउद्देशीय खेल मैदान बन रहा है, जिसमें सभी तरह के खेलों का आयोजन होगा, हम उनके तहे दिल से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि हम आगामी वर्षों में निरंतर हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन करते रहेंगे। हमारे गुना के नवोदित हॉकी खिलाड़ी जिन्होंने अपनी खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक गुना को पहुंचाया, यह हमारे लिए बहुत गौरव की बात है। हम आशा करते हैं कि हमारे गुना की टीम अगली बार फाइनल मुकाबला इसी टर्फ पर खेलेगी।
विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी
अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को चमचमाती ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान अतिथियों ने कहा कि गुना की धरती पर हॉकी की यह गूंज आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करेगी। मैदान पर खिलाड़ियों के खेल कौशल ने हजारों दर्शकों का दिल जीत लिया।


