अनूपपुर में पिकअप ने 3 बैगा महिलाओं को रौंदा:एक की मौत,दो गंभीर; साप्ताहिक हाट आई थी, सामने खड़ी बस में घुसा वाहन

अनूपपुर के राजेंद्रग्राम-अमरकंटक मार्ग पर रविवार दोपहर एक बेकाबू पिकअप ने सड़क किनारे पैदल चल रही तीन महिलाओं को टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन सामने खड़ी एक बस में जा घुसा। हादसे में बैगा जनजाति की एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। साप्ताहिक बाजार होने के कारण मौके पर काफी भीड़ थी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। बाजार करने आई थी महिलाएं पुलिस के मुताबिक, ग्राम करौंदापानी की रहने वाली 35 वर्षीय पपीह बाई बैगा साप्ताहिक हाट-बाजार में खरीदारी करने आई थी। हादसे में 52 वर्षीय बरसिया बाई और 24 वर्षीय शिववती भी बुरी तरह जख्मी हुई हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को पुष्पराजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। राजेंद्रग्राम टीआई पीसी कोल ने बताया कि तेज रफ्तार मालवाहक वाहन (एमपी21जी2032) अचानक अनियंत्रित हो गया था। वाहन ने पहले पैदल जा रही महिलाओं को रौंदा और फिर सड़क किनारे खड़ी बस से जा भिड़ा। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अवैध बस स्टैंड से ग्रामीण परेशान इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि मुख्य मार्ग पर रोजाना करीब 80 बसें अवैध रूप से खड़ी की जाती हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है। संकरी सड़क और भीड़भाड़ वाले इलाके में अवैध पार्किंग के कारण आए दिन जाम और दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन बसों को हटाया जाए और यातायात की स्थायी व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *