सिवनी कोतवाली पुलिस ने शहर में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों और एक विधि विवादित किशोर को आज दोपहर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा व अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सचिन परते के मार्गदर्शन में चोरी व नकबजनी के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। पहली घटना 2 फरवरी 2026 की रात की है। मरझोर रोड स्थित पैराडाईस लॉन के सामने खड़े एक आईसर ट्रक से अज्ञात चोर ने बैटरी चुरा ली थी। प्रार्थी प्रतुल अग्रवाल, निवासी मरझोर रोड सिवनी, की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 89/2026, धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान, पुलिस ने ग्राम पिपरिया हथनापुर निवासी संदिग्ध रोशन सनोडिया की पहचान की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार करते हुए बताया कि उसने बैटरी को पैराडाईस लॉन के पास झाड़ियों में छिपा दिया था। पुलिस ने बैटरी बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी घटना 4 फरवरी 2026 की रात को हुई। ईदगाह मस्जिद के पास एक चाय-पान की दुकान का ताला तोड़कर राजश्री गुटखा पाउच, बीड़ी के पुड़े, सिगरेट के पैकेट और नकदी चोरी कर ली गई थी। प्रार्थी विशाल डोले, निवासी अंबेडकर वार्ड सिवनी, की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 92/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर अजय सल्लाम, सूरज बरमैया और एक विधि विवादित किशोर को गिरफ्तार किया। इन सभी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी का सामान जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस स्टाफ शामिल रहा।


