दमोह कोतवाली पुलिस ने रविवार दोपहर अवैध हथियार रखने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 12 बोर का देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध कट्टा और कारतूस लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। जटाशंकर कॉलोनी में तलाशी के दौरान मिला अवैध कट्टा गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमन पिता लक्ष्मी प्रसाद चौबे के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सेमरा छक्का, थाना पथरिया का निवासी है। फिलहाल वह दमोह की जटाशंकर कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस की ओर से तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 12 बोर का अवैध देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जटाशंकर कॉलोनी क्षेत्र से पहले भी अवैध हथियारों के मामलों में गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


