सिटी रिपोर्टर | बोकारो सीबीएसई की ओर से विद्यालयों में शिक्षण पेशे के लिए योग्य व कुशल उम्मीदवारों के चयन को लेकर आयोजित केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) बोकारो में रविवार को शांतिपूर्ण संपन्न हुई। 7 और 8 फरवरी को आयोजित दो दिनों की इस परीक्षा में कुल 11522 में से 10439 अभ्यर्थी उपस्थित तथा 1083 अनुपस्थित रहे। सीटेट के सिटी कोऑर्डिनेटर व डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार के अनुसार, रविवार को प्रथम पाली में कुल आवंटित 5040 में 4594 कैंडिडेट परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 446 अनुपस्थित रहे। वहीं, दूसरी पाली के लिए कुल पंजीकृत 2763 अभ्यर्थियों में से 2473 उपस्थित तथा 290 अनुपस्थित रहे। दूसरे दिन की परीक्षा को लेकर केन्द्रवार जानकारी साझा करते हुए डॉ. गंगवार ने बताया कि डीपीएस बोकारो सेक्टर- 4 स्थित परीक्षा केंद्र में प्रथम पाली में 432, द्वितीय में 425, चिन्मय विद्यालय सेक्टर 5 में प्रथम पाली में 492, द्वितीय में 486, डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर 4 में प्रथम पाली में 483 एवं द्वितीय में 480, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल सेक्टर 5 स्थित सेंटर पर पहली पाली में 494 और दूसरी में 476, एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 4 में पहली पाली में 489 व द्वितीय पाली में 491, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल सेक्टर 6 में पहली पाली में 446 तथा दूसरी पाली में 115 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इसके अलावा, रविवार को पहली पाली में डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर 6 में 440, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल चास में 438, होली क्रॉस स्कूल रेलवे कॉलोनी में 433 तथा श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल सेक्टर 5 में 447 कैंडिडेट परीक्षा में शामिल रहे। इन परीक्षा केंद्रों पर सेकेंड शिफ्ट की परीक्षा नहीं हुई। उन्होंने बताया कि सभी के समन्वयन व सहयोग से ही परीक्षा पुनः पूरी सफलता के साथ संपन्न हुई। विदित हो कि सीटीईटी सीबीएसई की ओर से ली जानेवाली एक राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है, जिसमें सभी अभ्यर्थी विद्यालयों में शिक्षक के पद पर बहाली हेतु सुयोग्य माने जाते हैं। सीटेट (सेंट्रल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट) में दो पेपर की परीक्षा आयोजित की जाती है। पहला पेपर उन अभ्यर्थियों के लिए होता है, जो पहली से 5वीं तक पढ़ाने के लिए आवेदन करते हैं।


