सिटी रिपोर्टर | बोकारो बोकारो जिला कुश्ती संघ की ओर से सेक्टर-4 स्थित रॉयल पब्लिक स्कूल के मैदान में एक दिवसीय अंडर-15 जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लगभग 50 महिला व पुरुष पहलवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। वहीं प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी 11 फरवरी को रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम मोरहाबादी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस दौरान मंच पर बोकारो जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह, रॉयल पब्लिक स्कूल के प्राचार्य मुकेश सर, बोकारो जिला सांसद खेल प्रतिनिधि एवं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एंजेला सिंह, महंत रामकृष्ण तिवारी, राष्ट्रीय प्रशिक्षक मृत्युंजय नाथ चौधरी, विकास कुमार, राष्ट्रीय खिलाड़ी चिंटू कुमार, सुजीत कुमार आदि उपस्थित रहे। पहलवानों से हाथ मिलाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। सभी अतिथियों को जिला कुश्ती संघ की ओर से बुके एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।


