भास्कर न्यूज| नोवामुंडी रविवार को नोवामुंडी मुख्य चौक पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों के जीवन की रक्षा हो सके। अभियान का मुख्य आकर्षण यमराज बने, जो गदा के साथ सड़क पर मौजूद रहे। यमराज के रूप में कार्यकर्ता ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को रोककर उन्हें सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी और हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया। वहीं चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान लोगों को गुलदस्ता और चॉकलेट भेंट कर सकारात्मक संदेश के साथ यातायात नियमों के पालन का आग्रह किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से निलेश ठक्कर, रितेश्वर प्रसाद, दीपू पान, सोनू लोहार, अंकेश यादव, पिंटू कुमार, उमेश कुमार, विकी पोद्दार, अनीश ठक्कर, गौतम पोद्दार, हंसराज रजक, ऋषभ रजक सहित दुर्गा वाहिनी की बहनों की सक्रिय उपस्थिति रही। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के रचनात्मक अभियानों से आम लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।


