बाइक की ठोकर से बुजुर्ग महिला की मौत, पोती गंभीर रूप से घायल

भास्कर न्यूज| राजनगर राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलाबाडिया गांव में सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि पोती गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतका की पहचान कोलाबाडिया निवासी तारू दास (60 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाज के दौरान जमशेदपुर स्थित टीएमएच अस्पताल में उनकी मौत हो गई। वहीं पोती नेहा दास (12 वर्ष) का इलाज सरायकेला सदर अस्पताल में जारी है। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम तारू दास अपनी पोती नेहा दास के साथ इवनिंग वॉक के लिए सड़क किनारे टहल रही थी। इसी दौरान छेलकानी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दादी और पोती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत दोनों घायलों को सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तारू दास की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया। टीएमएच में इलाज के दौरान रात करीब 11 बजे उनकी मौत हो गई। इधर, घायल पोती नेहा दास का इलाज सरायकेला सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *