लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब को पराजित कर एमसीसी चाईबासा क्वार्टर फाइनल में

भास्कर न्यूज |चाईबासा फोटो शिवम कुमार (112) एवं अरविंद कुमार (79) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत मिडिलसेक्स क्रिकेट क्लब चाईबासा ने लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब चक्रधरपुर को 61 रनों से पराजित कर क्वार्टर फाईनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। अब क्वार्टर फाइनल में एम सी सी का मुकाबला फ्रेंडस क्लब चाईबासा से 13 फरवरी को होगा। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रविवार के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एम सी सी चाईबासा की टीम 28.2 ओवर में 339 रन बनाकर आल आउट हो गई। पारी की शुरुआत करने आए शिवम कुमार ने शानदार बल्लेबाजी का परिचय देते हुए मात्र 44 गेंदों पर पाँच चौके एवं बारह छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 112 रन ठोके। पाँचवे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए विकेटकीपर बल्लेबाज अरविंद कुमार ने भी 38 गेंदों पर दो चौके एवं नौ छक्के की सहायता से आक्रामक 79 रन बनाए। अरविंद की बल्लेबाजी का आलम ये था कि उसने पारी का 21वां ओवर फेकने आए अंकित गुप्ता के एक ओवर में छः छक्के लगाए। एम सी सी की ओर से अन्य बल्लेबाजों में तन्मय तंतुबाई ने नाबाद 42, अजित कुमार सिंह ने 36 तथा कुमार करण ने 34 रन बनाए। लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब चक्रधरपुर की ओर से संजय प्रधान ने 45 रन देकर पाँच विकेट अपने नाम किए। कप्तान विवेक चौरसिया को दो तथा अजय प्रधान, अंकित सिंह एवं अंकित गुप्ता को एक-एक सफलता हाथ लगी। जीत के लिए पहाड़ सा स्कोर का पीछा करने उतरी लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब की टीम ने भी भरपूर प्रयास किया पर पूरी टीम 28 ओवर में 278 रन बनाकर आल आउट हो गई और जीत से 61 रन दूर रह गई। इस टीम की ओर से उद्घाटक बल्लेबाज ललित सिंह भोज ने पंद्रह चौके की सहायता से 83 रन तथा अजय प्रधान ने चार चौके एवं आठ छक्के की मदद से 71 रन बनाए। कप्तान विवेक चौरसिया ने भी पांच चौके एवं दो छक्के की सहायता से 43 रन एवं सौरभ गुप्ता ने नाबाद 33 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने का भरसक प्रयास किया पर अंततः अन्य बल्लेबाजों की असफलता ने टीम की लुटिया डुबो दी। एमसीसी चाईबासा की ओर से तेज गेंदबाज़ अजीत कुमार सिंह एवं आदित्य पुष्कर ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। विशाल सिंह को दो तथा रौशन कुमार को एक सफलता हाथ लगी। अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को एस आर रुंगटा ग्रुप का मुकाबला टॉउन क्लब चाईबासा से होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *