हंबड़ां रोड स्थित श्री गोविंद गोधाम में रविवार को साप्ताहिक समागम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित साप्ताहिक पालकी एवं ध्वज पूजन में श्रद्धालुओं ने अपनी अटूट आस्था प्रकट की। इस रविवार की विशेष सेवा का सौभाग्य तृप्ता देवी, हेमंत गुप्ता, रुचिका गुप्ता, कुशल गुप्ता और विधि गुप्ता के परिवार को प्राप्त हुआ। परिवार ने न केवल ठाकुर जी को 56 भोग अर्पित किए बल्कि ताजे फलों, खुशबूदार फूलों और सुंदर मालाओं से पालकी में विराजमान श्री राधा-कृष्ण जी का मनमोहक शृंगार भी किया। श्रद्धालुओं ने पालकी परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की। ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि 4 मार्च को धाम में भव्य होली महा-उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में मंदिर ट्रस्ट के सुंदरदास धमीजा, अशोक धवन, मनोहर वर्मा, प्रमोद दीवान व वीडीसी सदस्य सोनी वालिया सहित प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं।


