1.15 करोड़ की सड़क ऐसी कि हाथ से ही उखड़ रही है

भास्कर न्यूज | अमलीपदर प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत अमलीपदर क्षेत्र में डूमा घाट से चचरा पारा तक बनी 2.25 किलोमीटर लंबी सड़क दो महीने में उखड़ने लगी है। यह आसानी से हाथ से उखाडी जा सकती है। करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपए की लागत से बनी इस सड़क का निर्माण 19 मार्च 2024 को शुरू हुआ था। निर्माण एजेंसी मैसेज पावर कंस्ट्रक्शन, कुरूद है। साइट पर लगे बोर्ड के अनुसार सड़क का गारंटी पीरियड 18 मार्च 2030 तक है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क बनने के कुछ ही समय बाद डामर की परत जगह-जगह से उखड़ने लगी। स्थिति यह है कि हल्का सा हाथ या पैर का दबाव डालते ही सड़क की परत उखड़कर बाहर आ जाती है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी और चिंता दोनों है, क्योंकि यह सड़क उनके आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं और आजीविका से सीधे जुड़ी हुई है। इन सड़कों की जांच जरूरी: बता दें कि इस एजेंसी ने डूमाघाट से चिटकी पारा, फरसरा से कांड़सर तक की सड़क बनाई है। इसी ने बुर्जाबहाल से बंदपारा तक क​ी सड़क का अभी मुरुमीकरण भी किया है, अभी डामरीकरण बाकी है। इन सब सड़कों की जांच जरूरी है। क्योंकि एजेंसी वही है। इस मामले में प्रधानमंत्री सड़क योजना के ईई अभिषेक पाटकर ने कहा कि जल्द ही टीम गठित कर मौके का निरीक्षण कराया जाएगा और आवश्यकता पड़ी तो वे स्वयं जाकर जांच करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *