भास्कर न्यूज | बालोद आमापारा नहर नाली के पास तीन अज्ञात लोगों ने धान संग्रहण केंद्र मालीघोरी के हमाल प्रवीण निर्मलकर के पेट व पीठ पर चाकू से 5 बार जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट भी की। बालोद थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 115(2), 296, 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार ग्राम खपरी निवासी धर्मेन्द्र ठाकुर ने जानकारी दी है कि दोस्त प्रवीण निर्मलकर के साथ धान संग्रहण केंद्र ग्राम मालीघोरी में हमाली काम करते हैं। 6 फरवरी को बाइक में प्रवीण के साथ शराब दुकान आमापारा से खपरी जा रहे थे। इस दौरान आमापारा नहर नाली के पास दोपहर 3.30 बजे दो बाइक में सवार तीन युवक रुककर बातचीत कर रहे थे। प्रवीण ने तीनों युवक को बाइक को हटाने के लिए कहा। जिसके बाद तीनों ने बाइक को नहीं हटाएंगे कहकर हाथ मुक्का से मारपीट की। प्रवीण को बचाने के लिए गया तो आंख के पास मुक्का मारा। प्रवीण के हाथ को पकड़कर एक युवक ने चाकू से जान से मारने की नियत से पेट और पीठ में 5 बार वार किया। यह देखकर मैं अपनी जान बचाने बाइक को लेकर वहां से भाग गया। कुछ देर बार प्रवीण के मोबाइल में कॉल किया तो दूसरे व्यक्ति ने कॉल उठाकर बताया कि प्रवीण घायल अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंचा तो प्रवीण के पेट, पीठ में चोट लगने से ब्लड निकल रहा था। प्रवीण के ग्राम खपरी मामा सियाराम निर्मलकर भी मौके पर पहुंचे। बाइक से प्रवीण निर्मलकर को जिला अस्पताल में भर्ती कराए। यहां प्रारंभिक इलाज करने के बाद डॉक्टरों ने रायपुर रेफर किया। परिजनों ने एंबुलेंस से मेकाहारा अस्पताल रायपुर में भर्ती कराया।


