श्रीगंगानगर| वन विभाग की ओर से इन दिनों श्रीकरणपुर रोड पर पेड़ों की कटाई का काम चल रहा है। दिन में रोड पर ट्रैफिक रहने के कारण विभागीय ठेकेदार की लेबर रात में भी पेड़ों की कटाई करती है। लेकिन ठेकेदार की लापरवाही से कटे हुए पेड़ बीच सड़क पर पड़े रहने व अंधेरा होने के कारण वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। रविवार शाम को भी श्रीगंगानगर से 10 जैड की ओर जा रहा स्कूटी सवार युवक अंधेरे में कटे पड़े व बीच सड़क रखे बोर्ड से टकराकर गिर गया। दुर्घटना में युवक अमनदीप को कोई गंभीर चोट तो नहीं आई, लेकिन स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। अमनदीप ने बताया िक चक 7 जैड से श्रीकरणपुर रोड पर आते समय चक 9 जैड मोड़ के पास अंधेरा होने के कारण वह सड़क पर काटकर छोड़े पेड़ों व सामने रखा बोर्ड नहीं देख पाया और इनसे टकराकर गिर गया। गनीमत रही कि उसे कोई चोट नहीं लगी, लेकिन ई-स्कूटी को काफी नुकसान हो गया। दो दिन पहले भी एक दोपहिया वाहन चालक ऐसी ही दुर्घटना का शिकार हो गया था।


