भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर पुरानी आबादी में सीवरेज कार्य के चलते पिछले 6 माह के दौरान करीब 20 बार मुख्य व बड़ी पाइपलाइनें टूटने से पेयजल की सप्लाई नहीं मिलने से पुरानी आबादी एरिया के 40 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं एवं विभाग को परेशानी झेलनी पड़ी है। वहीं, शनिवार को ग्रीन पार्क एरिया में टूटी 4 इंची, 12 व 18 इंची मुख्य वाटर लाइनों को सही करने का काम रविवार रात तक चला। इस कारण ग्रीन पार्क टंकी से जुड़ी एक दर्जन कॉलोनियों में दूसरे दिन भी वाटर सप्लाई नहीं हो पाई। सीवरेज का काम कर रही फर्म डीआरए प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश ने बताया कि तीनों वाटर लाइनों को पीएचईडी इंजीनियर्स की देखरेख में ही ठीक किया गया है। इन कॉलोनियों में दूसरे दिन भी नहीं हो पाई सप्लाई: एक्सईएन मोनिंदरजीत सिंह के अनुसार पाइपलाइन टूटी होने के कारण ग्रीन पार्क टंकी से जुड़े पुरानी आबादी, कुंज विहार, पार्क एवेन्यू, शिवा कॉलोनी, अंबिका हाइटस, गुलाबी बाग सहित पदमपुर-करणपुर बाइपास रोड तक की कॉलोनियों में रविवार को दूसरे दिन भी पेयजल की सप्लाई नहीं दी जा सकी। इन कॉलोनियों में अब सोमवार सुबह सप्लाई दी जाएगी। पीएचईडी के एईएन किशन धारीवाल के अनुसार नगरपरिषद के लिए सीवरेज का काम कर रही फर्म डीआरए इन्फ्राटेक की तकनीकी टीम की लापरवाही से पुरानी आबादी में 6 माह के दौरान 20 जगह से बड़ी वाटर लाइनों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि 23 जून 2025 व 7 जनवरी 2026 को पुरानी आबादी पुलिस थाने के पास 250 एमएम, 24 जून को मोहर सिंह चौक के पास 100 एमएम, 20 जुलाई को कुंज विहार में 250 एमएम, 24 जुलाई को श्याम नगर में 250 एमएम, 27 अगस्त को ताराचंद वाटिका के पास 100 एमएम, 12 सितंबर को सब्जी मंडी के पास 250 एमएम, 24 सितंबर को श्याम नगर में 125 एमएम, 27 नवंबर को भरत नगर में 450 एमएम, 25 दिसंबर को दुकान नं. 25 के पास 250 एमएम, 29 दिसंबर को राधा स्वामी डेरा के पास 250 एमएम, 14 जनवरी को धींगड़ा पार्क के पास 100 एमएम, 30 जनवरी को श्याम नगर में 250 एमएम पाइप लाइन टूटने के कारण संबंधित इलाकों में दो से चार दिन तक वाटर सप्लाई बाधित रही थी।


