ट्रैक्टर मार्केट से 6.60 लाख की चोरी का खुलासा, आरोपी पकड़ा, 4 लाख बरामद

श्रीगंगानगर| ट्रैक्टर ऑटोमोबाइल मार्केट में हुई चोरी का सदर पुलिस ने 5 दिन में खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी से चोरी किए 6.50 लाख में से 4 लाख रुपए बरामद भी कर लिए हैं। हालांकि आरोपी को अन्य पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। जांच अधिकारी एएसआई दिनेश मीणा ने बताया कि आरोपी जिला अस्पताल के पीछे जगदंबा कॉलोनी व हाल सदभावनानगर में किराए के मकान में रह रहे 21 वर्षीय रामानंद शर्मा पुत्र रामशंकर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को रविवार को अदालत में पेशकर रिमांड पर लिया गया है। उससे चोरी की अन्य वारदातें भी खुलने की संभावना है। इस वारदात का खुलासा करने को थानाधिकारी सुभाषचंद्र ने जांच अधिकारी के साथ हैड कांस्टेबल मनफूल, चरण सिंह, कांस्टेबल रघुवीर व संदीप कुमार की टीम गठित की गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी में कांस्टेबल रघुवीर की विशेष भूमिका रही। पुलिस में भर्ती होने का लक्ष्य था, जिम में कसरत करता था, नशे ने उजाड़ा : आरोपी रामानंद शर्मा का परिवार उत्तरप्रदेश का निवासी है। उसके 6 भाई और एक बहन है। ये सभी मजदूरी करते हैं। रामानंद पुलिस में भर्ती होकर करियर बनाना चाहता था। इसलिए वह सेतिया कॉलोनी में एक जिम में कसरत करता था। इसी दौरान उसे नशा करने की लत लग गई। देखते ही देखते वह इतना आदी हो गया कि अपनी जरूरतें पूरी करने को अपराध के दलदल में उतर गया। पढ़ा लिखा होने के कारण चोरी भी शातिराना तरीके से करता है। आरोपी के खिलाफ चोरी के आरोप के 8 से अधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी जमानत पर बाहर आते ही फिर से चोरी कर लेता है। रीडर मनफूलराम ने बताया कि आरोपी रामानंद शर्मा ने 6 से 7 दिसंबर की रात को कोतवाली थाना क्षेत्र के सद्भावना नगर स्थित मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में चोरी की वारदात की थी। आरोपी ने मंदिर से चांदी के छत्र, सोने के जेवरात, दानपात्र की नकदी और बादाम की बाल्टी सहित करीब 20-25 लाख रुपए का सामान चुरा लिया था। इस वारदात के आरोप में सेतिया चौकी प्रभारी रामेश्वर बिश्नोई ने 9 दिसंबर को आरोपी को गिरफ्तार किया था। जेल भिजवाए जाने के बाद से आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में था और करीब 10 दिन पूर्व ही जमानत मिलने पर जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर निकलकर इसने फिर से ट्रैक्टर मार्केट स्थित दुकान के ताले तोड़कर नकदी और सामान चुरा लिया। कमेटी के रुपए रखे थे दुकान में, दो फरवरी की रात को ताले तोड़ चुराए : पीड़ित 130 ब्रह्म कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश के परिवाद पर 5 फरवरी को सदर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ। पीड़ित की दुकान 4 ट्रैक्टर ऑटो मोबाइल में दो फरवरी की रात का ताले तोड़कर चोरी की गई। पीड़ित ने परिवाद में बताया कि वह उक्त दुकान में आरओ एवं बैटरी इनवर्टर का काम करता है। साथ ही कमेटियों का संचालन भी करता है। दुकान के प्रथम तल के ऑफिस से 2 फरवरी रात को करीब 6.50 लाख रुपए नकदी चोरी हो गई। इसी दुकान की दूूसरी मंजिल पर भूमिका ऑटो मोबाइल के भी ताले तोड़कर गल्ले से करीब 10 हजार रुपए चोरी किए गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *