श्रीगंगानगर। जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखपाल बराड़ को जान से मारने की धमकी देने के आरोपी नर्सिंगकर्मी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शाम को कार्यपालक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। वहां से जमानत मिल जाने पर रिहा कर दिया गया। आरोपी नर्सिंगकर्मी कुलदीप राय उर्फ केडी दोपहर से शाम की पारी में डयूटी करने जिला अस्पताल पहुंचा था। चौकी प्रभारी हेड कांस्टेबल फूलसिंह ने उसे अस्पताल से ही हिरासत में लिया। हालांकि आरोपी के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने, बदसलूकी करने और जान से मारने के परिवाद पर सदर थाने में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। जिला अस्पताल की चौकी के प्रभारी अधिकारी हेड कांस्टेबल फूलसिंह ने बताया कि परिवाद की जांच की जा रही है। पीएमओ कक्ष में घटना के दौरान मौजूद सभी लोगों के बयान सोमवार को दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिला अस्पताल के मेल मेडिकल वार्ड में नर्सिंगकर्मी कुलदीप राय उर्फ केडी दोपहर से शाम की डयूटी चार्ट में है। करीब पांच दिन पहले शाम को मेल मेडिकल वार्ड में दो लपके नर्सिंग अधिकारी की कुर्सी पर बैठकर वहां भर्ती मरीज के लिए बाहर से जांचें करने को फार्म भर रहे थे। इसी दौरान एक गोपनीय शिकायत पर पीएमओ डॉ. सुखपाल बराड़ ने नर्सिंग अधीक्षक किशोर विनायक को जांच को मौके पर भेजा। उन्होंने वार्ड में जाकर देखा को लपके मरीज के तीमारदार को लेकर बैठे थे और जांच की पर्चियां बना रहे थे। उन्होंने इसकी वीडियोग्राफी और फोटो लेकर पीएमओ को भेज दिए। उस दौरान नर्सिंगकर्मी कुलदीप उर्फ केडी वार्ड में ही नहीं था। बाद में उसने नर्सिंग अधीक्षक से बदसलूकी की और जान से मारने की धमकी दी। पीएमओ ने कारण बताओ नोटिस थमाया तो उनसे भी भिड़ गया।


