श्रीगंगानगर| फाल्गुन माह के आगमन पर सिद्ध धाम श्रीखाटू श्याम मंदिर, सुदामानगर में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। हजारों श्याम श्रद्धालु हाथों में श्याम ध्वजाएं लेकर बाबा श्याम के दरबार में पहुंचे। शहर के विभिन्न स्थानों से शुरू हुई ध्वजा यात्राएं मुख्य मार्गों से होती हुई मंदिर प्रांगण तक पहुंचीं। पूरे शहर में श्याम भजनों की गूंज रही। श्रद्धालु रंग-गुलाल उड़ाते हुए, नाचते-गाते और जयकारे लगाते मंदिर पहुंचे। भक्तों ने बाबा श्याम को ध्वजाएं अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं मांगी। इस अवसर पर विभिन्न प्रकार के भोग लगाए गए। मंदिर के मुख्य सेवादार संदीप शेरेवाला ने बताया कि फाल्गुन माह शुरू होते ही श्याम भक्तों का उत्साह बढ़ गया है। प्रतिदिन सैकड़ों ध्वजाएं मंदिर पहुंच रही हैं। इस दौरान सूरजगढ़ से लाई गई विशेष निशान ध्वजा को मंदिर शिखर पर स्थापित किया गया।


