भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा अगरपुरा में शहीद भगतसिंह गोशाला के पास दुर्घटनाग्रस्त और बीमार गोवंश के उपचार के लिए जिले का सबसे बड़ा आधुनिक गौ-चिकित्सालय बनाने का संकल्प लिया गया। सोशल मीडिया के माध्यम से की गई अपील का ऐसा सकारात्मक असर हुआ कि मात्र तीन माह में ऑनलाइन 25.50 लाख रुपए आर्थिक सहायता एकत्र हो चुकी है। अब 20 फरवरी को भूमि पूजन किया जाएगा। करीब एक करोड़ की लागत से बनने वाले शहीद भगत सिंह जीवदया गौ-चिकित्सालय में एक समय में 500 बीमार और घायल गोवंश को भर्ती कर उपचार की सुविधा होगी। चिकित्सालय में अत्याधुनिक एक्स-रे मशीन, ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था की जाएगी। 24 घंटे सेवा के लिए एक एंबुलेंस भी रहेगी। शहीद भगतसिंह गोशाला परिसर में शहीद भगत सिंह की तीन फीट ऊंची मार्बल की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। गौ-चिकित्सालय निर्माण में सहयोग करने वाले दानदाताओं के नाम और फोटो परिसर में लगाए जाएंगे।


