सागर। माध्यमिक शिक्षा मंडल की शिक्षा सत्र 2025-26 की हायर सेकेंडरी 12वीं बोर्ड परीक्षा 10 फरवरी से शुरू होगी। यह 7 मार्च तक चलेगी। हाई स्कूल 10वीं परीक्षा 13 फरवरी से शुरू होगी। सभी पेपर सुबह 9 से दोपहर 12 बजे के बीच कराए जाएंगे। छात्र-छात्राओं को केंद्र पर सुबह परीक्षा शुरू होने से आधा घंटे पहले पहुंचना होगा ताकि जांच आदि में समय लगे तो भी समय से कक्ष में पहुंच जाएं। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले 8:45 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। 12वीं की परीक्षा के लिए जिले में 119 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इन केंद्रों पर 24882 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस साल 9 परीक्षा केंद्रों को बंद किया है। दो नए परीक्षा केंद्र उत्कृष्ट स्कूल बंडा व मोतीनगर शिशु मंदिर शुरू किए हैं। 10वीं में कुल 33998 परीक्षार्थी हैं। इनके लिए 142 परीक्षा केंद्र बनाए हैं।


