कटनी के बिलहरी चौकी इलाके में रविवार शाम करीब 6 बजे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 20 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। पांडे बस सर्विस की यह बस बहोरीबंद से कटनी की ओर जा रही थी। बरखेड़ा-कनकी मार्ग पर बस की रफ्तार काफी तेज थी। यात्रियों और चश्मदीदों का आरोप है कि बस ड्राइवर नशे में था। बार-बार मना करने के बाद भी वह बस को लापरवाही से चला रहा था, जिसके कारण उसने संतुलन खो दिया और बस सड़क किनारे कई पलटी खा गई। ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पहुंचकर बस के कांच तोड़े और अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही बिलहरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस कार्रवाई और घायल पुलिस ने यात्रियों के बयानों के आधार पर ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही और नशे में गाड़ी चलाने का केस दर्ज किया है। घायलों में सुक्कू बाई, इमरत चौधरी, प्रीति चौधरी, रामेश्वर पटेल, संगीता लोधी, जिगर वंशकार, दीपांशु, सुरेश वंशकार, शिल्पा, सविता, प्रियंका, ईश्वरदीन, राजेंद्र उपाध्याय, पतिया और कमलाबाई शामिल हैं।


