भास्कर न्यूज | चिरमिरी एमसीबी जिले के चिरमिरी शहर स्थित पोड़ी क्षेत्र में चोरी के मामले में एक मुख्य आरोपी समेत दो नाबालिगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके पास से सोने-चांदी के जेवर समेत अन्य चोरी हुआ सामान बरामद किया है, बल्कि सर्चिंग के दौरान लावारिस हालत में मिले करीब 18 लाख रुपए मूल्य के 16 किलोग्राम चांदी के जेवर भी जब्त किए हैं। मामले में 3 फरवरी को सौरभ सरकार ने थाना पोड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी से सोने-चांदी के जेवर, सिक्के, लैपटॉप और मोबाइल फोन चोरी कर लिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। थाना प्रभारी विवेक पाटले ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम ने केराडोल बस्ती में दबिश दी। इस दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे राजिम बंसल (18 वर्ष) और दो नाबालिगों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। आरोपियों के पास मौजूद एक पोटली की तलाशी लेने पर उसमें 16 किलो चांदी के जेवर बरामद हुए, जिनकी कीमत 18 लाख आंकी गई है। इसके अलावा आरोपियों से 2 लैपटॉप, 4 मोबाइल फोन, 2 सूटकेस, 3 पीतल की थालियां और अन्य सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान केराडोल साजा पहाड़ मुख्य मार्ग के पास सर्चिंग करते समय पुलिस टीम को पुरानी साड़ी में लिपटी एक भारी पोटली भी मिली। मामले में एसपी रत्ना सिंह ने पोड़ी पुलिस और साइबर सेल की टीम का गठन किया था।


