नर्मदापुरम में आशा कार्यकर्ता को 3 महीने से प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे वह आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही हैं। आशा कार्यकर्ताओं की पारिवारिक स्थिति गड़बड़ हो गई कि वे न बच्चों की स्कूल फीस भर पा रही और न घर चलाने में सहयोग कर रही। आर्थिक स्थिति गड़बड़ होने से उन्हें कई प्रकार की समस्याओं से सामना करना पड़ रहा है। प्रोत्साहन राशि के भुगतान की मांग को लेकर ही सोमवार को नर्मदापुरम शहर की आशा कार्यकर्ता एकत्र होकर सीएमएचओ कार्यालय पहुंची। कार्यालय परिसर करीब एक घंटे तक सभी आशा कार्यकर्ता बैठी रही। आशा कार्यकर्ता निर्मला वर्मा ने कहा नवंबर में केवल 33 फीसदी प्रोत्साहन राशि का भुगतान हुआ। जिसके बाद दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 में राशि का भुगतान नहीं हुआ। राशि नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। कुछ आशाओं के बच्चों की वार्षिक परीक्षा है। फीस न भर पाने से बच्चों को परीक्षा देने से रोका जा सकता है। साथ ही हमें आने-जाने में खर्च होता है। डेढ़ महीने बाद वित्तीय वर्ष बदल जाएगा। जिसमें भुगतान में परेशानी आ सकती है। आशा कार्यकर्ता अंकिता यादव ने कहा हमने जो काम किया है, उसी मेहनत के पैसे ही मांग रहे है। हमें ताना मिलता है कि जब काम कर रहे तो घर में किसी से रुपए क्यों मांगते हो। हमारी गुजारिश है कि हमें राशि का भुगतान किया जाएं।


