लुधियाना ग्रामीण जिले में पुलिस ने अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार 2’ के तहत एक बड़ा अभियान शुरू किया है। इस कार्रवाई में लगभग 400 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और दोपहर 1 बजे तक 40 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। इस अभियान की निगरानी लुधियाना ग्रामीण के एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता स्वयं कर रहे हैं। उनके साथ एसपी (डी), एसपी (मुख्यालय), डीएसपी जगराओं, डीएसपी दाखा और डीएसपी रायकोट सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। ऑपरेशन में कुल 9 थाना प्रभारी (एसएचओ), 9 चौकी इंचार्ज और सीआईए स्टाफ सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अगले 72 घंटे तक जारी रहेगा चेकिंग अभियान पुलिस ने 35 रेड टीमें गठित की हैं, जो विभिन्न इलाकों में लगातार दबिश दे रही हैं। हिरासत में लिए गए 40 लोगों में वांछित अपराधी, चोर और झपटमार शामिल हैं। अपराधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से एक लक्षित चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। इसमें बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों, ट्रिपल राइडिंग करने वालों, चेहरा ढके हुए बाइक सवारों और संदिग्ध गाड़ियों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह ऑपरेशन अगले 72 घंटों तक जारी रहेगा। इसे “गैंगस्टरों के खिलाफ युद्ध” और “नशे के विरुद्ध अभियान” के तहत अंजाम दिया जा रहा है।


