कृषि सहकारिता एवं पशुपालन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की गुरुवार को बसिया दौरे पर थीं। जोलो गांव जाने के क्रम में उनके काफिले की तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में बसिया बीडीओ सुप्रिया भगत बाल-बाल बचीं। दुर्घटना में बीडीओ समेत कुल पांच लोगों को हल्की चोटें आई हैं। बीडीओ की टाटा सूमो व उसके आगे चल रही एक स्विफ्ट डिजायर कार को काफी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार, मंत्री के काफिले में गाड़ियों की लंबी कतार थी। आगे चल रही ब्रेजा कार के चालक ने तुकई गांव में स्कूल के पास अचानक ब्रेक लगा दिया। उसके पीछे स्विफ्ट डिजायर कार में चल रही कांग्रेस नेता ज्योति लकड़ा ने भी ब्रेक लगा दिया। पीछे चल रही बसिया बीडीओ की गाड़ी के चालक ने ज्योति लकड़ा की कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। बीडीओ, उनके चालक जगपाल कुमार, जेएसएलपीएस के बनमाली साहू, रामजड़ी निवासी जीतेंद्र कुमार भगत व ज्योति लकड़ा को हल्की चोट आई हैं।


