दतिया में इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सेवनी में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर आवास स्वीकृत होने का झांसा देकर दो बुजुर्ग महिलाओं से कुल 20 हजार रुपए की ठगी कर ली। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेवनी गांव निवासी राजाराम परिहार पत्नी रामप्रकाश परिहार (60) ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि 17 फरवरी को उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल किया। फोन करने वाले ने खुद को जिला पंचायत से जुड़ा बताया और कहा कि उनका ढाई लाख रुपए का प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हो गया है। प्रक्रिया पूरी करने के लिए 10 हजार रुपए ऑनलाइन जमा करने को कहा गया। ऑनलाइन दुकान से तीन बार में कराए रुपए ट्रांसफर पीड़िता के अनुसार आरोपी के कहने पर वह इंदरगढ़ पहुंची और अभिषेक कुशवाहा की ऑनलाइन दुकान से तीन बार में रुपए ट्रांसफर कराए। पहली बार 3,500 रुपए, दूसरी बार 2,500 रुपए और तीसरी बार 5,000 रुपए फोन-पे के माध्यम से आरोपी के बताए नंबर पर डलवाए गए। इस दौरान दुकानदार ने 200 रुपए ऑनलाइन सेवा शुल्क भी लिया। दूसरी महिला से भी 10 हजार की ठगी इसी दौरान गांव की ही दूसरी महिला अनवर खान पत्नी देवी को भी आरोपी ने प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत होने का झांसा दिया। राजाराम परिहार के कहने पर उन्होंने भी एक अन्य ऑनलाइन दुकान से 10 हजार रुपए आरोपी के नंबर पर ट्रांसफर कर दिए। पैसे मिलते ही आरोपी का मोबाइल बंद राशि ट्रांसफर होने के बाद आरोपी का मोबाइल नंबर बंद हो गया। इसके बाद दोनों महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने इंदरगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी गौरव शर्मा ने बताया कि आवेदन प्राप्त कर लिया गया है। मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


