आदिवासी-समाज ने थाने का घेराव किया,थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप:नाबालिग के पिता के अपहरण और बदसलूकी का आरोप, हटाने की मांग

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आदिवासी समाज ने नगरी थाने का घेराव कर दिया। समाज के लोगों ने थाना प्रभारी पर एक नाबालिग के पिता के अपहरण और बदसलूकी का गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल हटाने की मांग की है। जनपद सदस्य मुनेंद्र ध्रुव के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग थाने के मुख्य गेट पर जमा हुए और जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने थाना प्रभारी पर गाली-गलौज और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया। जनपद सदस्य मुनेंद्र ध्रुव ने बताया कि उनके गांव से दो नाबालिगों का अपहरण हुआ था। इनमें से एक नाबालिग मिल चुकी है, जबकि दूसरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए परिजन नगरी आ रहे थे। ध्रुव ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी ने नाबालिग के पिता को थाने लाने के बजाय गरियाबंद ले गए, जो कि अपहरण के समान है। मुनेंद्र ध्रुव के अनुसार, जब उन्होंने फोन पर थाना प्रभारी से परिजनों के बारे में पूछा तो उनके साथ अभद्र व्यवहार कर गाली-गलौज की, जिससे उन्हें मानसिक प्रताड़ना हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले हुई घटनाओं पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। थाना प्रभारी के थाने पहुंचने पर भी उन्होंने अभद्र व्यवहार जारी रखा। आदिवासी समाज ने मांग की है कि थाना प्रभारी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए और उन्हें तत्काल नगरी थाने से हटाया जाए। आदिवासी समाज ने थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
आदिवासी समाज के लोगों ने बताया कि तीन बार के सरपंच और जनपद सदस्य राष्ट्रपति सम्मानित मुनेंद्र ध्रुव के साथ थाना प्रभारी ने अभद्र व्यवहार किया। यह बहुत निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए होती है और लोगों को सुरक्षित महसूस कराना चाहिए, किसी के आत्म-सम्मान को ठेस नहीं पहुंचानी चाहिए। मुनेंद्र ध्रुव के साथ जो अपमानजनक व्यवहार हुआ, वह अस्वीकार्य है। समाजजनों की मांग है कि थाना प्रभारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए और नाबालिग बच्चे के अपहरण के मामले में तुरंत कार्रवाई की जाए। एसडीओपी विपिन रंगारी ने बताया कि नाबालिगों के अपहरण के मामले में पता तलाश जारी है। इसी सिलसिले में नाबालिग के पिता को पुलिस अपने साथ ले गई थी, ताकि नाबालिगों को ढूंढा जा सके। ग्रामीणों को इस बात की जानकारी नहीं थी, जिससे कुछ गलतफहमी और बहस हुई। इसी कारण जनपद सदस्य ने थाना प्रभारी पर बदसलूकी का आरोप लगाया। इस मामले में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन दिया गया है। जल्द ही जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *