टीकमगढ़ में 200 साल पुराने श्रीराम-जानकी मंदिर की मरम्मत शुरू:रामनवमी से पहले होगी रंग-रोगन और लाइटिंग होगी; कलेक्टर ने किया दौरा

टीकमगढ़ के नजरबाग इलाके में स्थित करीब 200 साल पुराने श्रीराम-जानकी मंदिर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का काम शुरू हो गया है। सोमवार को कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर की मरम्मत, रंग-रोगन और परिसर सुधार से जुड़े जरूरी निर्देश दिए। यह मंदिर राजशाही दौर में बना हुआ है और बुंदेली स्थापत्य कला का अच्छा उदाहरण माना जाता है। समय के साथ मंदिर कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं मंदिर के आधे हिस्से में लंबे समय से एक सरकारी स्कूल संचालित होने से परिसर की स्थिति और भी जटिल बनी हुई है। कलेक्टर ने किया निरीक्षण निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत, आकर्षक पुताई, चारों तरफ लाइटिंग लगाने, भगवान के राजभोग के लिए रसोई निर्माण और मंदिर के आसपास लगी अवैध पार्किंग हटाने के निर्देश दिए। परिसर को धूल मुक्त रखने का काम नगर पालिका को सौंपा गया है। एक महीने में काम पूरा करने का टारगेट कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने बताया कि धर्मस्व विभाग से मंदिर मरम्मत के लिए कुछ राशि मिली है। बाकी काम नगर पालिका और जिला प्रशासन के सहयोग से पूरे किए जाएंगे। पीडब्ल्यूडी के ईई मनोज दुबे को एक महीने के भीतर रिपेयरिंग का काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि यह प्राचीन मंदिर लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसे और भव्य बनाने के लिए सभी विभाग मिलकर काम करेंगे। उन्होंने 27 मार्च को श्रीरामनवमी से पहले सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान श्रीराम जन्मोत्सव परिवार के सदस्य, तहसीलदार सत्येंद्र गुर्जर, आरके पस्तोर और नगर पालिका के इंजीनियर भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *